बिजनौर/नगीना/नींदड़ू। नजीबाबाद मार्ग पर बाइक और छोटा हाथी की भिड़ंत में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई और दो युवक घायल हो गए। राहगीरों ने आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। वहीं नगीना और में भी बाइकों की टक्कर में बाइक सवार एक वृद्ध की मौत हो गई।
थाना मंडावली क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी राकेश पत्नी विमला देवी 38 वर्ष के साथ जिला अस्पताल में अपनी मां को दवा दिलाने आए थे। अस्पताल में राकेश को थाना किरतपुर के गांव असगरपुर निवासी उसके बहनोई लवकुश 26 वर्ष व मलखान सिंह 35 वर्ष मिल गए। वापस जाते समय विमला अपने ननदोई लवकुश की बाइक पर बैठगई।
नजीबाबाद मार्ग पर वीएसडी पब्लिक स्कूल के पास सामने से आ रहे छोटा हाथी से बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। गंभीर रूप से घायल विमला और लवकुश को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
जबकि मलखान सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने विमला को मृत घोषित कर दिया और लवकुश को हायर सेंटर रेफर कर दिया। राहगीरों ने छोटा हाथी चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
मृतका विमला के पति राकेश का आरोप है कि उसकी बाइक आगे चल रही थी। आरोपी चालक तेज स्पीड में सड़क पर कट मारते हुए आ रहा था। उसने बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
वहीं नगीना में गांव समसपुर निवासी 65 वर्षीय महबूब अहमद सोमवार अपराह्न करीब चार बजे बाइक से नगीना से घर लौट रहे थे। बूंदकी चौराहे के पास नजीबाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में सिर में चोट लगने से महबूब अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
हादसे में स्कूटी चालक ने दम तोड़ा
नींदडू़। रविवार की शाम करीब सात बजे बुद्ध बाजार मोहल्ले का अफजाल सैफी (40 वर्ष) बुखार से पीड़ित अपनी भतीजी आफिया (6 वर्ष) को धामपुर के अस्पताल से दवा दिलवा कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही स्कूटी नहर के पास अन्य वाहन की तेज रोशनी पड़ने से स्कूटी अनियंत्रित हो गई और नींदडू़ से फल बेचकर धामपुर जा रहे ठेले से टकरा गई।
हादसे में अफजाल सैफी गंभीर रूप से घायल हो गये, भतीजी आफिया को मामूली चोट आई। राहगीरों की सूचना पर भतीजा मो. दानिश और परिवार के अन्य सदस्य घटना स्थल पर पहुंचकर अफजाल सैफी को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दानिश के मुताबिक अत्यधिक खून निकलने के कारण रात में ही चिकित्सकों ने आफजाल सैफी को मृत घोषित कर दिया।