बिजनौर में छेड़छाड़ को लेकर पेद्दा गांव में तिहरे हत्याकांड के बाद भी मनचलों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। छेड़छाड़ से आजिज छात्राओं ने मंगलवार को प्रधानाचार्या से शिकायत की। प्रधानाचार्या ने सपा विधायक रुचि वीरा को फोन कर अवगत कराया।
प्रेमा सत्यावीरा इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बताया कि वे आसपास के गांवों से आती हैं। छात्राओं ने बताया कि मंडावर के रहने वाले दूसरे पक्ष के लड़के सुबह स्कूल आने के समय उनके गांव के पास पहुंच जाते हैं और उनसे छेड़छाड़ करते हुए आते हैं। स्कूल से लौटते समय भी वे गांव के बाहर तक उनके पीछे जाते हैं और फब्तियां कसते हैं। प्रधानाचार्या ने पूरे मामले के बारे में सपा विधायक व एसओ सुरेंद्र पचौरी को बताया। एसओ ने स्कूल में जाकर छात्राओं से बात की। उन्होंने स्कूलों के आसपास सुबह व छुट्टी के समय गश्त बढ़ाने व सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात करने का आश्वासन दिया।