बिजनौर के किरतपुर में घरेलू कलह के चलते गांव छितावर में दंपति ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर पति की घर पर ही मौत हो गई, जबकि महिला को बिजनौर के एक एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों ने पुलिस को सूचित किए बिना ही मृतक को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला के बयान लिए। गांव छितावर निवासी 27 वर्षीय इकरामुददीन ने पहली पत्नी से तलाक हो जाने पर करीब दो माह पूर्व थाना नूरपुर के गांव गंधेड़ा के कारी अतीकुर्रहमान की पुत्री खालिदा उर्फ रानी से निकाह किया था।
पड़ोसियों के अनुसार पति-पत्नी में आए दिन अनबन रहती थी। घरेलू कलह के चलते ही शुक्रवार सुबह करीब दस बजे खालिदा ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसने परिजनों को जहर खाने की बात बताई। खालिदा के जहर खाने का पता चलने पर इकरामुद्दीन ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने से पहले ही इकरामुद्दीन की घर पर मौत हो गई। खालिदा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने पुलिस को सूचित किए बिना ही इकरामुद्दीन का शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। बाद में पुलिस तक जानकारी पहुंची तो थाना प्रभारी निरीक्षक जसपाल सिंह ने अस्पताल जाकर महिला के बयान लिए।