बिजनौर के धामपुर के गांव सरकड़ा चकराजमल में मामूली विवाद में दो संप्रदायों के संघर्ष हो गया। विवाद की वजह ठेले में बाइक की टक्कर है, जबकि गैर समुदाय के लोगों ने लगे आरोपों को गलत बताते हुए बेवजह मारपीट करने का आरोप लगाया है। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार की देर रात बाइक की ठेले में टक्कर होने से दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस ने किसी तरह गांव में पहुंचकर स्थिति को संभाला। कोतवाल मुनीशचंद शर्मा का कहना है कि गांव के दो पक्षों में आपस में मारपीट हो गई थी। मामला निपटा दिया गया है। वे फोर्स के साथ गांव में मौजूद हैं। पुलिस ने बताया कि गांव का एक व्यक्ति गांव के अड्डे पर ठेला लगाता है। जब वह घर जा रहा था, तो ठेले और गांव के एक व्यक्ति की बाइक की आपस में टक्कर हो गई। इसे लेकर गांव के दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।