किरतपुर में पकड़े गए मां-बेटे की हत्या के आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
किरतपुर में रक्षा बंधन पर अपने मासूम बेटे के साथ हरिद्वार से काशीपुर जा रही एक महिला और उसके बेटे की हत्या के आरोपी दो सगे भाइयों को पुलिस ने दबोच लिया है। दोनों पर पुलिस ने पांच-पांच हजार का इनाम घोषित कर रखा था। इस दोहरे हत्याकांड में पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
प्रभारी निरीक्षक आरआर कठेरिया के मुताबिक 28 अगस्त को रक्षा बंधन पर हरिद्वार से अपने घर काशीपुर जाते समय काशीपुर निवासी वेदप्रकाश शर्मा की पुत्री दीपा शर्मा व उसके पांच साल के मासूम बेटे प्रिंस की हत्या करके गांव भनेड़ा की नहर में शव डाल दिए थे। दीपा शर्मा ने धामपुर थाने के गांव मोहड़ा निवासी पहले से शादीशुदा विपिन चौहान से प्रेम विवाह किया था।
वह हरिद्वार में अपने बेटे के साथ रहती थी। विपिन भी वहां आता-जाता था। विपिन को पहली पत्नी ज्योति से भी एक पुत्र है। दीपा को प्रेम विवाह करने के दौरान विपिन के शादीशुदा होने का पता नहीं था। बाद में दीपा व ज्योति में अनबन रहने लगी।
दीपा की मां जयावती ने दीपा के पति विपिन चौहान, पत्नी ज्योति व ज्योति के भाई मनोज व सत्यप्रकाश निवासी ग्राम नरौली थाना स्योहारा व नौकर कलवा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नौकर कलवा ने मर्डर का राज खुलने पर पकड़े जाने के डर से जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी।
विपिन चौहान व उसकी पत्नी ज्योति को पुलिस पहले की गिरफ्तार कर चुकी थी। मनोज व सत्यप्रकाश फरार चल रहे थे। पुलिस ने दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। प्रभारी निरीक्षक आरआर कठेरिया ने बताया कि मनोज व सत्यप्रकाश को उनके गांव नरौली से गिरफ्तार कर लिया है। जमीन को लेकर दीपा व उसके बेटे का मारा गया था। दीपा विपिन की जमीन में हिस्सा ले रही थी।