कोतवाली देहात में शादीपुर नहटौर मार्ग पर गांव पैहरुवाला के पास तालाब किनारे 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। गले पर धारदार हथियार और गोली लगने के निशान है। शिनाख्त नहीं हो सकी है। माना जा रहा है कि गला रेत कर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं।
शादीपुर नहटौर मार्ग पर गांव पैहरुवाला के ग्रामीण सोमवार की सुबह साढ़े पांच बजे जंगल के लिए के लिए निकले थे। कुछ लोगों ने गांव से पश्चिम में स्थित तालाब के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा।
ग्राम प्रधान असलम ने थाना कोतवाली देहात पुलिस और 100 नंबर पर इसकी सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के रहने वालों से शव की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया हैं। पुलिस के मुताबिक व्यक्ति के गले में किसी धारदार हथियार लगने के निशान है। गले में गोली लगने जैसे छेद भी है। माना जा रहा है कि हत्यारों ने हत्या कहीं ओर कर शव यहां फेंक गए। व्यक्ति ने नीली शर्ट, केसरिया अंडरवियर और नीली पेंट पहन रखी थी। हाथ पर ओम का निशान बना हुआ है।