बिजनौर के हल्दौर मेंपैजनियां गांव में स्कूल जा रही छात्रा के साथ मनचलों ने छेड़खानी की। आरोपी छात्रा को भुगत लेने की धमकी देकर फरार हो गए। परिजनों ने गांव के चार युवकों को नामजद करते हुए पुलिस में तहरीर दी है।
गांव की एक छात्रा नूरपुर के इंटर कॉलेज में पढ़ती है। बृहस्पतिवार को वह सुबह करीब आठ बजे स्कूल जाने के लिए पैदल घर से बस स्टैंड की ओर जा रही थी। आरोप है कि हनुमान मंदिर के पास खडे़ चार युवकों ने घेरकर उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दी। छात्रा ने इसकी शिकायत परिजनों से करने को कहा। छात्रा के अनुसार आरोपी युवकों ने उसे धमकी दी है कि यदि उसने घर जाकर घटना के बारे में बताया, तो वह अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। मनचले भाग गए। छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। छात्रा का पिता अपनी पुत्री को लेकर थाने पहुंचा और मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय गर्ग के अनुसार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।