राजा का ताजपुर में स्योहारा थाने के गांव जुझैला में जमीन के बंटवारे के विवाद को लेकर पुत्र ने मां को सिर पर फावड़ा मारकर घायल कर दिया। वृद्घा को इलाज के लिए पीएचसी स्योहारा में भर्ती कराया गया है।
गांव जुझैला निवासी मनफूल सिंह के दो पुत्र तेजपाल व गजेंद्र सिंह हैं। मनफूल सिंह के छोटे भाई की शादी नहीं हुई थी। आरोप है कि तेजपाल ने चाचा की 16 बीघा जमीन अपने नाम करा ली थी। इसके बाद मनफूल ने अपने हिस्से की जमीन तीन हिस्सों में बांट दी। मनफूल सिंह की मौत के बाद उसकी पत्नी ओमवती छोटे पुत्र गजेंद्र के साथ रह रही थी। उसने अपने हिस्से की जमीन भी उसे ही दे रखी थी। तेजपाल मां की जमीन में भी बंटवारा करना चाहता था। इसी बात को लेकर उसका छोटे भाई से विवाद चल रहा था।
गजेंद्र के अनुसार, शनिवार को तेजपाल गांव की आवादी की जमीन कब्जाने की नीयत से उसमें मिट्टी डाल रहा था। उसने विरोध किया तो दोनो में कहासुनी हो गई। इसी दौरान तेजपाल ने समझाने आई अपनी मां ओमवती के सिर में फावड़ा मार दिया। फावड़ा लगने से वह लहूलुहान होकर गिर गई। गांव में निजी चिकित्सक से उपचार के बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्योहारा में भर्ती कराया गया है। ओमवती ने पुत्र तेजपाल के विरुद्घ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष एसपी शर्मा ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।