सल्लाहपुर के जंगल में मिले गुलदार के शव को देखती भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
हल्दौर में गांव सल्लाहपुर के जंगल में एक गुलदार का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। एक हफ्ते में दूसरी बार गुलदार का शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है।
गांव सल्लाहपुर निवासी राजवीर सिंह का अम्हेड़ा-चांदपुर मार्ग पर खेत है। इस समय खेत में कोई फसल नहीं है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे गांव के ही ढालगोपाल सिंह खेत पर जा रहे थे। राजवीर सिंह के खेत से बदबू आने पर वे रुक गए। उन्होंने खेत की ओर जाकर देखा तो वहां एक गुलदार पड़ा था। उन्होंने खेतों में काम कर रहे किसानों को सूचना दी। किसान लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। गुलदार के शरीर में कोई हरकत न होने पर उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। बिजनौर के वन दरोगा राजेंद्र प्रसाद, वन रक्षक उमेश चंद, चांदपुर वन विभाग के वन रक्षक बाकर रजा व थाना प्रभारी निरीक्षक संजय गर्ग मौके पर पहुंचे। उन्होंने गुलदार के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया। वन दरोगा राजेंद्र प्रसाद के अनुसार, गुलदार की उम्र दो से ढाई वर्ष के बीच थी। गांव मोहनपुर चांदा नंगली में करीब पांच दिन पूर्व एक मादा तेंदुए का शव मिला था। भाकियू के ब्लॉक महासचिव धर्मेंद्र राणा, जितेंद्र कुमार, किसान आलोक कुमार, सुधीर कुमार आदि का कहना है कि गुलदार व तेंदुए के शव मिलने से किसान भयभीत है। डीएफओ डॉ. एम सेम्मारन के मुताबिक, गुलदार का शव करीब दो दिन पुराना है। उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। उसकी प्राकृतिक मौत होने का अंदेशा है।