हल्दौर क्षेत्र के ग्राम पावटी में बस की टक्कर से क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : अमर उजाला
हल्दौर में जिले में मंगलवार को हुए कई सड़क हादसों में छह लोगों की जान चली गई। मुरादाबाद में शादी में शामिल होकर लौट रहे लोगों की कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। इसके अलावा मुरादाबाद से ही शादी से लौट रहे व्यक्ति की बाइक गिरने से मौत गई। उधर, हल्दौर के गांव पावटी में अनियंत्रित होकर गिरने से एक बाइक सवार की जान चली गई। धामपुर में टेंपो से उतर रहे किशोर को रोडवेज बस ने कुचल दिया।
हल्दौर के गांव बिलाई निवासी किसान ओमप्रकाश और परवीन का भाई सुंदर मुरादाबाद में रहता है। सोमवार रात सुंदर के बेटे की शादी मुरादाबाद में थी। सोमवार को ओमप्रकाश (55), परवीन (60), परवीन का पुत्र राहुल (35) व अशोक कुमार (50) वैगनआर से मुरादाबाद गए थे। मंगलवार सुबह लौटते वक्त गांव छजुपुरा के निकट उनकी गाड़ी के पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस तीनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर गई। चिकित्सकों ने ओमप्रकाश को भी मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने परवीन व उसके पुत्र राहुल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
वहीं, कोतवाली शहर के गांव बक्शीवाला निवासी नरदेव उर्फ अजय (36) सोमवार को मुरादाबाद शादी में गया था। सोमवार देर शाम लौटते समय हल्दौर के गांव पावटी में बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से नरदेव की मौके पर ही मौत हो गई। नरेदव ई-रिक्शा चलाता था। उधर, थाना हीमपुरदीपा के गांव चौंकपुरी निवासी हरिओम (35) मंगलवार को बाइक से बिजनौर आ रहा था। कोतवाली शहर के गांव अगरी के निकट बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में हरिओम की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच, धामपुर में हाईवे पर टेंपों से उतर रहे एक किशोर को रोडवेज बस ने कुचल दिया। नगीना निवासी 17 वर्षीय सौरभ पुत्र मेघप्रताप होटल पर काम करता था। वह नेजे सराय में टेंपों से उतर रहा था। अचानक पीछे से आई बेकाबू बस ने उसे कुचल दिया। किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
कार की चपेट में आकर युवक की मौत
बिजनौर में नजीबाबाद रोड़ पर कार की चपेट में आकर एक बाइक सवार की मौत हो गई। नजीबाबाद के मोहल्ला मकबरा निवासी दीपक शर्मा का पुत्र हवेलीराम उर्फ बाबू (22) मंगलवार शाम बिजनौर किसी काम से आ रहा था। कोतवाली शहर के गांव पेद्दा के निकट उसकी बाइक कार की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि हवेलीराम के पिता दीपक शर्मा चिकित्सक हैं। हवेलीराम उनके साथ ही क्लीनिक पर काम करता था।