बिजनौर के चांदपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम ने पुलिस को साथ लेकर मेडिकल स्टोर पर छापामारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाईयां बरामद की है। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक का चालान कर दिया है।
मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाई की बिक्री की मिल रही शिकायतों के चलते खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम हरकत में आ गई है। सोमवार को रात में ड्रग इंस्पेक्टर आशुतोष मिश्रा ने पुलिस फोर्स के साथ लेकर मंडी कोटला स्थित पीके मेडिकोज पर छापामारी की।
ड्र्ग इंस्पेक्टर ने बताया कि छापामारी में टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद की है। मेडिकल स्टोर संचालक प्रशांत कुमार ने टीम को बताया कि यह भैंसों को लगाया जाता है। इससे दूध की मात्रा बढ़ाई जाती है।
ड्रग इंस्पेक्टर के मुताबिक मेडिकल स्टोर स्वामी ने बरामद दवाईयों का क्रय एवं विक्रय अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए। बरामद दवाईयों का नमूना जांच एवं विश्लेषण हेतु राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जा रहा है। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक को मौके से हिरासत में ले लिया।
कोतवाली निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल स्टोर संचालक का चालान कर दिया गया है। उधर, मेडिकल स्टोर पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम की छापामारी के बाद देर रात तक थाने पर व्यापारी व नगर के मेडिकल स्टोर संचालक एकत्र रहे।