बिजनौर में सीजेएम अपर्णा पांडे ने एनआईए अफसर तंजील अहमद हत्याकांड के हत्यारोपी मुनीर का आठ घंटे का पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर लिया है। धामुपर पुलिस ने पीएनबी कैश वैन से 91 लाख की लूट के मामले में पूछताछ के लिए अदालत से मुनीर का रिमांड मांगा था। मंगलवार को सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक मुनीर पुलिस कस्टडी रिमांड पर रहेगा।
मुनीर को स्योहारा पुलिस ने दो अगस्त को रिमांड पर लिया था। छह अगस्त को रिमांड अवधि खत्म होने पर मुनीर को कोर्ट से जेल भेज दिया गया। रिमांड पर लेने के दौरान पुलिस ने मुनीर को लखनऊ ले जाकर डबल मर्डर में प्रयुक्त 32 बोर का पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए थे। धामपुर पुलिस ने शनिवार को सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर पीएनबी की कैश वैन से 28 दिसंबर को हुई 91 लाख की लूट की रकम और कार बरामद करने के लिए मुनीर का पुलिस कस्टडी रिमांड मांगा था। सीजेएम ने प्रार्थना पत्र पर सोमवार आठ अगस्त की तिथि नियत की थी। सोमवार को सीजेएम ने मुनीर का आठ घंटे का रिमांड मंजूर कर दिया है।
मुनीर मंगलवार को सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक पुलिस कस्टडी रिमांड पर रहेगा। इस दौरान पुलिस मुनीर से बैंक की कैश वैन से लूट व कार बरामद करने की कोशिश करेगी। आईटेन कार मुनीर के साथी रिजवान की है। इस कार से ही कैश वैन से लूट की रेकी हुई थी। साथ ही इस कार में ही मुनीर व उसके साथी सऊद ने लूट की रकम छिपाई थी।
मुनीर ने दोस्तों पर लुटाई लूट की रकम
दो लाख रुपये का इनामी बदमाश मुनीर सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिए जाने के कारण सुर्खियों में है। मुनीर ने लूट की रकम से अपने दोस्तों को जरूर अमीर बना दिया। दोस्तों की हर ख्वाहिश मुनीर ने पूरी की। एनआईए अफसर तंजील अहमद और उनकी पत्नी रिजवाना के मर्डर में रिमांड पर लेने के दौरान मुनीर ने पुलिस पूछताछ में कई राज उगले। मुनीर ने दिल्ली से लेकर यूपी के कई इलाकों में करोड़ों की रकम लूटी। अपराध की दुनिया में मुनीर का दबदबा रहा। पुलिस ने जब मुनीर से धामपुर की लूट की रकम के बारे में मालूम किया, तो उसने सब लूट की रकम के बारे में पुलिस को साफ साफ बता दिया। मुनीर ने कहा कि उसके पास कुछ नहीं है। उसने जो भी पैसा लूटा दोस्तों पर लगाया। दोस्तों की हर ख्वाहिश पूरी की। जिसने जो चीज मांगी वही उसे दी गई। पैसा भी दोस्तों में ही बांटा। धामपुर लूट का मोटा हिस्सा सहसपुर के दोस्त रिजवान को दिया। दोस्तों को ब्रांडेड जूते और कपड़े तक दिलाया। दोस्तों पर उसने जमकर पैसा लुटाया। दोस्तों पर जान देने को मुनीर हर समय तैयार रहा। अफसरों के मुताबिक मुनीर दोस्तों के अलावा अपनी मां व बहन से बेहद प्यार करता है। मुनीर अब कह रहा है कि अच्छा है कि सलाखों के पीछे आ गया। एसपी देहात धर्मवीर सिंह के मुताबिक मुनीर झूठ नहीं बोलता है। उनका दावा है कि मुनीर सबकुछ सही बता रहा है। उसने कुछ छिपाने की कोशिश नहीं की।
अभी दे रखी है तंजील के भाई को सुरक्षा
मुनीर समेत सभी कातिल सलाखों के पीछे पड़े है। इससे बाद भी तंजील के भाई हसीब को पुलिस ने अभी तक सुरक्षा मुहैया करा रखी है। दो अप्रैल की रात परिवार की जान का मुनीर से खतरा देखकर पुलिस प्रशासन ने मुनीर के भाई को सुरक्षा दी थी। जो मुनीर व उसके बाकी साथियों के जेल में जाने के बाद भी अभी भी बरकरार है।
खूब रोया मुनीर
जरायम की दुनिया में तहलका मचाने वाले मुनीर भी परिजनों को देखकर टूट पड़ा। रिमांड के दौरान अपने पिता को देख एक कोने में बैठकर मुनीर फूट-फूट कर खूब रोया। यह देखकर मुनीर से पूछताछ करने वाली पुलिस की टीम भी हक्का बक्का रह गई। रिमांड के दौरान पिता ने जब मुनीर के सामने जाकर कहा कि उसके लिए मुनीर मर चुका है। वह केस में कोई पैरवी नहीं करेंगे। मुनीर का पिता के मुंह से निकला एक -एक शब्द उसके सीने में चुभता चला गया। उसकी आंखों से आंसू निकलने लगे। मुनीर कमरे के कोने में जाकर फूट-फूट कर रोने लगा। बाद में पिता ने मुनीर से कुछ समय के लिए बात की।