धामपुर में विधानसभा चुनाव के मद्दनेजर बूथों के रूट चार्ट जमा करने को लेकर तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो और शेरकोट परगना के राजस्व निरीक्षक के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बाद में हाथापाई तक की नौबत आ गई। वहां मौजूद राजस्व कर्मचारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
राजस्व निरीक्षक महेंद्र सिंह का कहना है कि वह रुड़की का रहने वाला है। शनिवार को जब वह शेरकोट परगना के विधानसभा चुनाव से संबंधित बूथों के रूट चार्ट जमा करने के लिए रजिस्ट्रार कानूनगो के पास गया तो कंप्यूटर में हुई एक गलती को लेकर रजिस्ट्रार कानूनगो मुनेश चंद शर्मा ने उनके साथ बदसलूकी कर पीटने का प्रयास किया।
अफरातफरी मचने पर वहां मौजूद अन्य लोगों ने किसी प्रकार से बीच-बचाव किया। राजस्व निरीक्षक का आरोप है कि रजिस्ट्रार कानूनगो का व्यवहार उनके प्रति संतोषजनक नहीं है। वे हमेशा अभद्र व्यवहार करते। यह पहली बार नहीं है। वह इससे पहले भी कई बार उनके साथ अभद्रता कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर वह मौके से नहीं हटते तो रजिस्ट्रार कानूनगो उनके साथ मारपीट कर सकते थे।
कुछ राजस्व कर्मचारियों ने इस घटना को शर्मनाक बताया है जबकि रजिस्ट्रार कानूनगो मुनेषचंद शर्मा ने राजस्व निरीक्षक के लगे आरोपों को गलत बताया है। इस मामले में एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आ गया है। वह मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करेंगे।