गांव अनवरपुर चंडिका में कच्ची शराब को लेकर प्रदर्शन करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
अफजलगढ़ में गांव अनवरपुर चंडिका में कच्ची शराब बेचने आए एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से लैस महिलाओं ने दौड़ा लिया। आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गया। महिलाओं ने बाइक प्रधान की सुपुर्दगी में दे दी है।
महिलाओं ने आबकारी विभाग से बाइक के माध्यम से आरोपी का पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। महिलाओं ने साथ ही चेताया कि आबकारी विभाग ने गांव में कच्ची शराब की बिक्री पर तत्काल रोक नहीं लगाई तो आंदोलन होगा। बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति गांव में कच्ची शराब बेचने आया था। महिलाओं को इसका पता लगा तो वे लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंच गईं।
महिलाओं का हंगामा देख शराब बिक्रेता मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गया। महिलाएं आरोपी की बाइक को उठवाकर प्रधान के घर पहुंच गईं। महिलाओं ने आबकारी विभाग को सूचना देकर आरोपी शराब विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि गांव में कच्ची शराब की बिक्री दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। माफिया बेखौफ गांव में शराब की बिक्री कर रहे हैं। कच्ची शराब के सेवन से पीकर गांव में अशांति रहती है। किशोरों ने पढ़ाई की उम्र में शराब पीनी शुरू कर दी है। पति घर के जेवर बेचकर शराब पी जाते हैं। घरों में खाने के लिए राशन तक नहीं है।
उन्होंने आबकारी विभाग से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हंगामा करने वालों में सुनीता, बबीता, रीता, दामिनी, रामकली, लक्ष्मी देवी, जयवती, शकुंतला आदि रहीं। उधर आबकारी निरीक्षक वीके सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आ गया है।