नजीबाबाद में मध्य प्रदेश से हरिद्वार जा रही तीर्थयात्रियों से भरी बस गड्ढे में गिरने से 40 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में चार तीर्थ यात्रियों के गंभीर चोटें आईं, उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के तीर्थयात्रियों से भरी बस नजीबाबाद क्षेत्र से गुजरते समय दुर्घटना ग्रस्त हो गई। नजीबाबाद से बिजौरी बाईपास संकरे मार्ग से गुजरते समय तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर रानीपुर पुल के निकट गड्ढे में गिर गई। करीब 15 फीट गहराई में बस गिरते ही तीर्थयात्रियों में चीख पुकार मच गई। गांव नजदीक होने से रानीपुर के ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सीओ महेश कुमार, थाना प्रभारी सतीश कुमार, एसएसआई सतेंद्र भड़ाना पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। 100 यूपी पुलिस और एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को सीएचसी समीपुर में भर्ती कराया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. शील कुमार, डॉ. संदीप ने घायलों को उपचार दिया। तीर्थयात्रियों में गंभीर रूप से घायल रामबाई, मुकुंद, अर्जुन, चुन्नि लाल को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। घायलों में रमेश कुमार, दुर्गेश, गोरीबाई, रोमोबाई, ममता, सौरभ बाई, रेशम बाई, लीला बाई, संजना सहित अनेक तीर्थ यात्री शामिल हैं। एसडीएम उद्भव त्रिपाठी ने अस्पताल पहुंचकर घायल तीर्थयात्रियों के उपचार की व्यवस्था देखी। उन्होंने घायल तीर्थयात्रियों से भी घटना के बारे में जानकारी ली।
देवदूत बनकर पहुंचे ग्रामीण
नजीबाबाद। संयोग से जिस समय तीर्थयात्रियों की बस गहरे गड्ढ़े में गिरी रानीपुर के राजू ने बस गिरते हुए देख ली। राजू ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। इसी बीच रानीपुर के प्रधान रविराज, पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह, सचिन, मनोज, दिलीप, परवीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर यात्रियों को बस बाहर निकाला।
ग्रामीण और रोटरी क्लब ने की मदद
नजीबाबाद। तीर्थ यात्रियों की मदद के लिए रानीपुर के ग्रामीणों के साथ रोटरी क्लब ने भी खाने आदि की व्यवस्था की। रोटरी क्लब के विवेक गुप्ता, विकास डाबर के नेतृत्व में सीएचसी में उपचार के लिए आए तीर्थ यात्रियों को भोजन कराया गया।
बड़ा हादसा होने से टला
नजीबाबाद। मध्य प्रदेश से हरिद्वार जा रहे तीर्थ यात्रियों की बस यदि चंद मीटर आगे बढ़कर पुल से मालन नदी में गिरी होती तो भयंकर हादसा हो सकता था।