बिजनौर में कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज में शरारती तत्वों ने सूखास्रोत के निकट वन मे आग लगा दी। इससे वन संपदा धू-धू कर जल उठी। मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने काउंटर फायर विधि से आग को वनों में फैलने से रोक दिया।
उप प्रभागीय वनाधिकारी आरके तिवारी के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है। शरारती तत्वों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी शुक्रवार दोपहर सूखास्रोत के इलाके में इंटर कॉलेज के निकट वन में अचानक आग लग गई।
हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। जल्द ही इसने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि प्राइमरी स्कूल के पीछे से भिक्कावाला की ओर बढ़ने लगी। दूसरी ओर, आग की सूचना मिलते ही काउंटर फायर विधि अपनाई गई। इससे आग कोर जोन में जाने से रुक गई।
आरके तिवारी के मुताबिक, वन विभाग ने आग को बुझाने के लिए पानी के टैंकर आदि की भी मदद ली। आग ने काफी बड़े इलाके को कब्जे में ले लिया था। कई सांपों की मौत हो गई है। आग के कारण पूरे आबादी क्षेत्र में धुआं फैल गया।
बाघ और हाथी का है विचरण क्षेत्र ः इंटर कॉलेज के नीचे का इलाका बाघ और हाथी का विचरण क्षेत्र है। इस जंगल का उपयोग हाथी और बाघ सुबह और शाम को करते हैं। आग लगने के कारण इस क्षेत्र को हुए नुकसान से बाघ और हाथी विचलित हो सकते हैं।