बिजनौर में एनआईए अफसर तंजील अहमद व उनकी पत्नी फरजाना के हत्यारोपी मुनीर ने दूसरे दिन पुलिस पूछताछ में भी कई राज उगले। मुनीर ने बताया कि वह नहीं चाहता था कि वह पुलिस के हत्थे चढ़ जाए। पुलिस के हत्थे चढ़ने का उसे बेहद अफसोस है।
जिंदा रहने के लिए वह किसी भी हद तक जा सकता था। इसके लिए चाहे उसे कितना भी खून क्यों न बहाना पड़ता। कस्टडी रिमांड पर लिए मुनीर से पुलिस सभी राज उगलवाना चाहती है। पुलिस नहीं चाहती कि कोई ऐसा राज छिपा रह जाए जो मुनीर को ही पता हो। पुलिस ने दूसरे दिन भी मुनीर से दिनभर पूछताछ की। मुनीर पुरानी बातें दोहराता रहा। मुनीर ने पुलिस को बताया कि वह पहले ही सब कुछ बता चुका है।
पुलिस के मुताबिक मुनीर पर प्रदेश के कई जिलों व दिल्ली में 30 मुकदमे पंजीकृत हैं। इनमे 17 लूट व सात मर्डर के मुकदमे हैं। कई घटनाएं ऐसी हैं जो पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हैं। उन्हें मुनीर भी उगलना नहीं चाहता। मुनीर यह कहकर पूछताछ से अपना पीछा छूटा रहा है कि वह बाकी घटनाओं को भूल गया। उसे याद नहीं कब उसने कहां लूट व मर्डर किए। मुनीर को इस बात का बेहद अफसोस है कि वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मुनीर सलाखों के पीछे नहीं रहना चाहता था। खुले आसमान के नीचे अपनी जिंदगी व्यतीत करना चाहता था। मुनीर को नहीं मालूम था कि वह इस तरह पकड़ा जाएगा। मुनीर ने कहा कि उसे लगता है कि जेल से छूटना मुश्किल है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पुलिस पर हमला कर सकता था।
लूट की रकम बरामद करना पुलिस का मकसद
कुख्यात मुनीर से पुलिस अब धामपुर में पीएनबी के कैश वैन की लूटी गई बाकी बची रकम को बरामद करना चाहती है। इसके लिए मुनीर को पुलिस दोबारा से रिमांड पर ले सकती है। इसकी पुलिस ने तैयारी भी शुरू कर दी है। मुनीर को स्योहारा पुलिस ने तंजील अहमद व उनकी पत्नी फरजाना के मर्डर में दो अगस्त को रिमांड पर लि या है। छह अगस्त को मुनीर की रिमांड अवधि पूरी हो रही है। मुनीर ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि धामपुर में कैश वैन से लूटी गई 91 लाख की रकम में से 50 से 60 लाख रुपया वह अपने साथी रिजवान को दे चुका है। रिजवान तंजील मर्डर की साजिश रचने में जेल में बंद है। रिजवान से मुनीर का दिया हुआ रुपया बरामद होना संभव नहीं है। पुलिस अब इस प्रयास में लगी है कि मुनीर से बाकी बचा रुपया किसी तरह बरामद कर लिया जाए। इसके लिए धामपुर पुलिस मुनीर को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। सात अगस्त को धामपुर पुलिस मुनीर को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दे सकती है।
रिजवान और सऊद से बांटी थी रकम
बिजनौर। मुनीर ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि धामपुर में पीएनबी की कैश वैन से लूट की रकम रिजवान को दी थी। इसके बाद बाकी बची रकम साथी सऊद ने बांट ली थी। जो रकम मुनीर के हिस्से में आई थी। पुलिस मुनीर से वह बरामद करना चाहती है।