रेहड़ में अफजलगढ़ थाने के गांव कासमपुरगढ़ी में बस स्टैँड पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक परिवार के लोगों को गन प्वाइंट पर लेकर करीब एक घंटे तक लूटपाट की। बदमाश 16 हजार रुपये की नकदी सहित करीब तीन लाख के जेवरात व अन्य सामान ले गए।
घर से जाते वक्त बदमाश परिवार के लोगों को धमकाकर गए हैं कि पुलिस में शिकायत हुई तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। कासमपुरगढ़ी की इमराना ने बताया कि उनका घर बस स्टैंड के पास है। पति इफ्तखार सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। घर में वह, पुत्री अदीबा, ससुर इंतजार रहते हैं। शुक्रवार रात वह घर में सोए थे। करीब तीन बजे घर की दीवार फांदकर बदमाश घुए आए। घर में घुसते ही बदमाशों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद तमंचे के बल पर बदमाश उसे और अदीबा को कमरे में ले गए।
बदमाशों ने मारपीट कर घर की चाबियां मांगीं और न देने पर सेफ, अलमारी, संदूक आदि के तालेे तोड़ डाले। बदमाशों ने करीब एक घंटे तक इत्मीनान से घर को खंगाला। बदमाश घर से 16 हजार की नकदी, 15 तोले सोने, आधा किलो चांदी के जेवर व अन्य कीमती सामान लूटकर ले गए। बदमाशों ने इमराना का सिर पकड़कर दीवार में दे मारा, जिससे काफी चोट आई है। बदमाशों ने जाने के बाद उन्होंने सूचना दी तो पुलिस उनके घर पहुंची।
इमराना के मुताबिक, पुलिस तहकीकात के नाम पर समय खराब करती रही और बदमाशों को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं किया। घटना से गांव में दहशत है।