ढांग गिरने के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नांगलसोती में मिट्टी की ढांग में दबकर एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को बिजनौर स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। तहसीलदार ने गांव पहुंचकर घटना के शिकार लोगों के परिजनों से बात की।
गांव तिसोतरा में रविवार दोपहर हृदयविदारक घटना घटी। गांव में स्थित बड़ा तालाब पर क्षेत्र की कुछ महिलाएं और बच्चे मिट्टी लेने गए थे। मिट्टी काटते समय अचानक 10-12 फीट ऊंची मिट्टी की ढांग नीचे मौजूद महिलाओं और बच्चों पर गिर गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मिट्टी में दबे पांचों लोगों को बाहर निकाला।
एंबुलेंस से घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। घटना में घायल 15 वर्षीय प्रीति पुत्र अशोक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि तिसोतरा निवासी वीर सिंह की पत्नी कुंती (33), अशोक की पत्नी सावित्री (50) और वह स्वयं दीपावली पर्व पर घर की लिपाई-पुताई के लिए तालाब से मिट्टी लेने गए थे। मिट्टी खोदकर इकट्ठा की गई थी। तसले से मिट्टी उठाकर ले जाने के लिए पास ही खेल रहे 14 वर्षीय रोहित पुत्र संजय और 13 वर्षीय आकाश पुत्र सुरेंद्र को बुला लिया था। तसले उठाते समय अचानक मिट्टी की ढांग तेजी से गिर गई, जिससे सभी लोग मिट्टी की ढांग में दब गए।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें बामुश्किल बाहर निकाला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना नांगल पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा गया। चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचे परिजन घायलों को बिजनौर में ही स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। घायल कुंती की हालत चिंताजनक बनी हुई है। तहसीलदार देवेंद्र पांडेय ने गांव तिसोतरा पहुंचकर घटना की जानकारी करते हुए मृतक रोहित के परिजनों का ढांढस बंधाया। नांगल थानाध्यक्ष आरके सिंह, कानूनगो प्रेमप्रताप, लेेखपाल ललित कुमार, विपिन व रामानंद मौजूद रहे।