कलक्ट्रेट के बाहर शव रखकर जाम लगा रहे परिजनों को समझाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में दहेज हत्या का शिकार हुई प्रीति के परिजनों ने आरोपी मायके वालों की गिरफ्तारी के लिए कलक्ट्रेट गेट पर शव रखकर जाम लगाकर अपनी नाराजगी का इजहार किया। कई परिजन शव के पास सड़क पर लेट गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। परिजनों ने करीब एक घंटे तक जाम लगाया। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा बुझाकर शव उठवाकर जाम खुलवाया।
हल्दौर के मोहल्ला खेड़ा निवासी कलवा सिंह की 23 वर्षीय बेटी प्रीति उफ चंदो की शादी करीब डेढ़ साल पहले खारी निवासी पवन सिंह से हुई थी। मंगलवार को प्रीति की मौत हो गई थी। प्रीति के मायके वालों ने परिजनों से दहेज में 50 हजार रुपये व बाइक की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों पर प्रीति को जहर देकर उसको फांसी पर लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाया था।
इस मामले में प्रीति के पति पवन, ससुर छोटे सिंह, देवर सीटू, जेठ नीटू व जेठानी रानी के खिलाफ तहरीर दी थी। बुधवार को रानी का पोस्टमार्टम होने पर मायके वाले प्रीति के शव को लेकर शाम चार बजे कलक्ट्रेट पहुंच गए। शव को कलक्ट्रेट गेट के बाहर सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मृतका के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कराया है। प्रीति के हत्यारोपी उनको धमकी दे रहे हैं कि कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। कुछ परिजन प्रीति के पास सड़क पर ही लेट गए। सूचना पर शहर कोतवाल ऋषिराम कठेरिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर किसी तरह जाम खुलवाया। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। करीब पांच बजे परिजनों ने जाम खोला और शव सड़क से उठाया।