दुकान पर बैठे बच्चों की गर्दन पर चाकू रखकर बदमाश ने दिनदहाड़े दो दुकानों के गल्ले से कैश लूट लिया। पीड़ितों ने इस संबंध में पुलिस में तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने भी जानकारी से इनकार किया है।
खत्रीवाड़ा निवासी मोमीन ने बताया कि सब्जी मंडी में उसकी फलों की दुकान है। मंगलवार की दोपहर वह काम से गए थे। नौकर साजिद माधोगढ निवासी उसके भांजे रूईत (12)को दुकान पर बैठाकर खाना खाने चला गया। इसी दौरान वहां पहुचे युवक ने रूईत की गर्दन पर चाकू रखकर गल्ले से 10 हजार लूट लिए।
मोमीन के सामने वाली इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की दुकान स्वामी खत्रीवाडा निवासी बबलू ने बताया कि वह दुकान पर काम कराने आए बच्चे अरमान को दुकान पर बैठाकर बराबर में किसी कार्य से गया था।
दुकान पर पहुंचे युवक ने अरमान की गर्दन पर चाकू रखकर गल्ले में रखे 9हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ितों ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर नहीं दी है। कोतवाल जितेंद्र कुमार का कहना है कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बाजार जा रही सास बहू से पर्स लूटा
डीएम रोड स्थित शिकारपुर कंपाउंड निवासी अंकित मित्तल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन सितंबर की रात करीब 8.30 बजे मां और पत्नी घर से बाजार की तरफ जा रही थीं। जब वह डीएम रोड पर पहुंचीं तो पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने उनका पर्स लूट लिया।
बदमाश पर्स लूटकर भाग निकले। दोनों ने मिलकर शोर मचाया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। पर्स में दो मोबाइल, 5-7 हजार रुपये, घर की चाबियां आदि सामान था। घर लौटने पर दोनों ने आपबीती परिजनों को बताई। अंकित ने फौरन ही सूचना पुलिस को दी।
स्कूल के क्लर्क से 70 हजार रुपये लूटे
जेवर अड्डे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने इंटर कॉलेज के एक क्लर्क से 70 हजार रुपये लूट कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
सांगरपुर निवासी सतेंद्र गांव में ही जनता इंटर कॉलेज में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। बुधवार दोपहर तीन बजे वह पीएनबी से रुपये निकालकर बाइक से घर जा रहे थे।
जेवर अड्डे के पास बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और सतेंद्र से रुपये का थैला लूट भाग गए। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।