गोलीबारी के दौरान रायफल लेकर गांव में भागता भोगी का कार्तिक।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में पेद्दा की घटना में गोली बरसाने वाले कई और चेहरे बेनकाब होने लगे हैं। भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी व अरुण कबाड़ी के साथ गांव भोगी के कार्तिक उर्फ विक्की ने भी घटना के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों पर बंदूक से खूब गोलियां दागी थी। पुलिस ने युवक को चिह्नित करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। युवक घटना के बाद से फरार है।
पेद्दा में छेड़छाड़ की घटना को लेकर 16 सितंबर की सुबह गांव में जमकर गोलीबारी हुई थी। एक समुदाय के तीन लोगों को मौत की नींद सुला दिया गया था। 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस घटना में 29 लोगों को नामजद किया गया था। गांव में घटना के दौरान बनी वीडियो क्लीपिंग के आधार पर भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी मौसम व उनके रिश्तेदार अरुण कबाड़ी को भी इस केस में शामिल कर लिया गया। ऐश्वर्य चौधरी व अरुण कबाड़ी भी कई अन्य आरोपियों की तरह सलाखों के पीछे पहुंच गए र्है। पुलिस ने वीडियो क्लीपिंग में बंदूक लेकर भाग रहे युवक को भी चिह्नित कर लिया है। युवक गांव भोगी का कार्तिक उर्फ विक्की है।
ऐश्वर्य के इशारे पर ही कार्तिक ने पेद्दा गांव में बंदूक से गोली चलाई। कार्तिक काफी समय से ऐश्वर्य चौधरी के संपर्क में था। कार्तिक पर लगा मर्डर के एक केस में ऐश्वर्य ने उसकी मदद की थी, तब से कार्तिक का ऐश्वर्य के पास खूब आना जाना हो गया। पुलिस अब कार्तिक की तलाश में जुटी है। शहर कोतवाल ऋषिराम कठेरिया के मुताबिक कार्तिक का पेद्दा की घटना में बड़ा हाथ रहा है। कार्तिक ने अवैध बंदूक से खूब गोली चलाई थी।