बिजनौर के किरतपुर में कब्रिस्तान की भूमि के विवाद में शनिवार रात फिर बवाल हो गया। राईन और कुरैशी बिरादरी के लोगों के बीच पनपा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार की रात में राईन बिरादरी के लोगों ने मोहल्ला अहमद खेल में एक कुरैशी की कोठी पर पथराव किया और उसकी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। वहीं, कुरैशी बिरादरी के लोगों ने विवादित स्थल के पास खड़ी टाटा-407 और एक बुग्गी को आग के हवाले कर दिया। रविवार की सुबह राईन बिरादरी के चार लोगों के साथ मारपीट की गई। दोनों पक्षों के अलावा पुलिस की ओर से दोनों पक्षों के 375 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस मामले में पुलिस ने 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। संघर्ष के बाद मोहल्ले में तनावपूर्ण हालात है।
कब्रिस्तान की भूमि के विवाद में शनिवार की शाम दोनों बिरादरी के बीच खूनी संघर्ष हो गया था। इस दौरान दरोगा सहित कई लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया था। देर रात फिर दोनों बिरादरी के बीच जमकर पथराव हुआ। नसीम कुरैशी की कोठी पर पथराव किया गया। कोठी के शीशे टूट गए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मोहल्ले की सड़क और गलियों में ईट और पत्थरों के ढेर पड़े हुए हैंं। रात में विवादित स्थल के पास खड़ी नौशाद आढ़ती की टाटा 407 और रईस की बुग्गी को भी आग लगा दी गई। रविवार की सुबह रईस, साजिद , नासिर तथा इजहार मलिक को रोककर उनके साथ मारपीट की गई । दोनों पक्ष के लोग सहमे हुए हैं।
पुलिस तैनात होने के बाद भी लोग एकदूसरे पर हमला करने से बाज नही आ रहे हैं। खूनी संघर्ष के मामले में कुरैशी बिरादरी की ओर से राईन बिरादरी के 115 लोगों व राईन बिरादरी की ओर से कुरैशी बिरादरी के 110 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक की ओर से इस मामले में दोनों बिरादरी के 150 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस की ओर दर्ज कराई रिपोर्ट में 25 , राईन बिरादरी की ओर से 15 व कुरैशी बिरादरी की ओर से 10 लोगों को नामजद किया गया है। रिपोर्ट दर्ज होने से दोनों पक्षों के लोगों में खलबली मची हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार गौड़ द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में नामजद 22 व्यक्तियों में शौकत ,शहनवाज, जीशान, मोहम्मद सलीम, निसार अहमद, रईस, शाकिर, इरफान, मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद हनीफ, शाकिर, मोहम्मद दिलशाद, दिलशाद पुत्र शब्बीर, जीशान पुत्र अबरार, आदिल, नफीस, शाबाद, ईस्लाम, फरमान, रशीद, शाबाज व शादाब के नाम शामिल हैं। राईन बिरादरी की ओर से अनीस अहमद ने तथा कुरैशी बिरादरी की ओर हनीफ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।