चांदपुर। बास्टा रोड पर कुछ लोगों ने गांव अकौंधा से चांदपुर कोचिंग सेंटर आ रहे एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को सीएचसी स्याऊ में भर्ती कराया गया। जहां से उसे गंभीर हालत में चिकित्सकों ने बिजनौर के लिए रेफर कर दिया।
बास्टा क्षेत्र के गांव आकौंधा निवासी साजन 20 वर्ष पुत्र जोगेंद्र बुधवार दोपहर बस से चांदपुर रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित कोचिंग सेंटर आ रहा था। बास्टा रोड पर ईदगाह से आगे पुलिया के पास तीन-चार युवकों ने उसको बस से उतार लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान साजन को एक युवक ने गोली मार दी। साजन के हाथ और सीने के पास गोली के छर्रे लगने से वह घायल हो गया। उसको सीएचसी स्याऊ में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बिजनौर के लिए रेफर कर दिया है। पीड़ित के पिता जोगेंद्र सिंह ने तीन के खिलाफ तहरीर दी है। उधर, कोतवाली निरीक्षक आरआर कठरिया ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हत्या के मामले में चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
चांदपुर। बास्टा से गांव बाजिदपुर जा रहे युवक को गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मंगलवार देर शाम गांव बाजिदपुर निवासी नरेंद्र उर्फ गुड्डू बाइक द्वारा बास्टा से गांव जा रहा था।
गांव हलुपुरा के पास बदमाशों ने बाइक रोक ली और उसको गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक के भाई सुरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी प्रीतम, चमन, अनिल शर्मा तथा गांव संसारपुर निवासी खचेड़ू सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हमला कर आंख फोड़ी
हल्दौर। रसूलपुर आबाद गांव में गाली गलौज का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने तीन-चार साथियों के साथ मिलकर ग्रामीण पर हमला कर दिया। इससे ग्रामीण की दाईं आंख में गंभीर चोटें लगीं। इससे पहले हमलावरों ने घर में घुसकर उत्पात मचाया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
रसूलपुर आबाद गांव निवासी महावीर ने पुलिस में दी तहरीर में कहा मंगलवार को गांव का अशोक शराब पीकर आया। उसने मोहल्ले में आकर गाली गलौच शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर वह उससे भिड़ गया। उस समय ग्रामीणों ने मामला शांत कर दिया।
बुधवार को सुबह वह अपने ट्यूबवेल पर गया था। आरोप है कि अशोक तीन चार साथियों के साथ आया और लाठी डंडों से हमला कर दिया। महावीर जान बचाकर घर की ओर भागा। हमलावरों ने उसका पीछा किया और घर में घुसकर उत्पात मचाया।
महावीर की दाई आंख पर गहरी चोट है। परिजनों ने घायल को बिजनौर के अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने तीन को नामजद कर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के अनुसार जांच की जा रही है।