बिजनौर के कोतवाली देहात में गांव हरियावाला में रंजिश में दो पक्षों में जमकर पथराव और फायरिंग हुई। संघर्ष में दो महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। पांच घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ नगीना और कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। गांव की तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एक पक्ष से आठ व दूसरे पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव शाहअलीपुर गुड्डू उर्फ हरियावाला निवासी हमीदुल्ला प्रधान पद का चुनाव अपनी पुत्रबधू को चुनाव लड़ा रहा था। दूसरा पक्ष दूसरे प्रत्याशी को चुनाव लड़ा रहा था। दोनों ही पक्ष के प्रत्याशी चुनाव हार गए थे।
चार माह पूर्व दोनों पक्ष के बच्चों में क्रिकेट खेलने को लेकर मारपीट हुई थी। सोमवार को इमरान और सलमान में फिर से कहासुनी हो गई, जिसमें एक तरफ से पांच और दूसरी ओर से तीन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे दोनों पक्षों में जमकर पथराव और फायरिंग हो गई, जिसमें अख्तर पक्ष के यूनुस, एजाज व शमशीदा व दूसरे पक्ष के शकीला, जीशान, अफजाल, तसलीम और सलमान घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली लाया गया। एक पक्ष के यूनुस व एजाज तथा दूसरे पक्ष के सलमान, तसलीम व शकीला की हालत चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
एक पक्ष के अख्तर की ओर से जीशान, एहसान, अफजाल, सलमान, कफिल, महताब, शाकिब व अलताफ तथा दूसरी ओर से शकीला पत्नी वजीर की की ओर से रिजवान, गफफार, सलमान, आशिफ व मोहम्मद अख्तर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।