बिजनौर में बदमाशों ने एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 25 हजार की नगदी लूट ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मुजफ्फरनगर के गांव पिसा निवासी नीरज कुमार वहीं की एक फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी है। कंपनी ने बिजनौर के गांवों में भी लोन बांट रखा है। बुधवार को नीरज वसूली करने के लिए कोतवाली देहात क्षेत्र में जा रहा था। जब वह नगीना रोड पर बांकपुर चौराहे पर पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उसे तमंचे के बल पर रोक लिया रुपये वाला बैग लूट लिया। बैग में 25 हजार रुपये थे। बदमाशों ने नीरज से और कुछ भी लूटने की कोशिश नहीं की और तमंचे लहराते हुए नगीना की ओर फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। नीरज ने तहरीर दी है।
दो बाइक चोरों को दबोचा
बिजनौर में गश्त के दौरान एसआई राजीव कुमार ने मंगलवार को एक बैंक के पास दो युवकों को संदिग्ध रूप से बाइकों के पास खड़े देखा। दोनों बाइकों के आसपास ही मंडरा रहे थे। दोनों युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वे बाइक चोरी करने के इरादे से खड़े थे। उन्होंने नाम वसीम व सोनू बताए। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई तीन बाइक भी बरामद की हैं। पुलिस का मानना है कि दोनों किसी बाइक चोर गैंग से जुड़े हो सकते हैं। पूछताछ करने में लगी है।