हल्दौर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोमवार को एक फाइनेंस कंपनी के सेल्समैन से तमंचे के बल पर 38 हजार रुपये की नगदी और मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा।
जिला मुरादाबाद के थाना मंझौला के गांव लोधीपुर निवासी जितेंद्र कुमार प्राईवेट फाइनेंस कंपनी का सेल्समैन है। कंपनी का क्षेत्रीय कार्यालय चांदपुर में स्थित है। जितेंद्र कुमार के अनुसार वह सोमवार की दोपहर करीब सवा 12 बजे क्षेत्र के गांवों से धन की वसूली कर बाइक से गांव पैजनियां से चांदपुर जा रहा था। गांव करनपुर गांवड़ी के जंगल में स्थित शिव मंदिर के पास पीछे से आई एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक में लात मारकर गिरा दिया। बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचे लगा दिए और विरोध करने पर मारपीट करते हुए 38 हजार रुपये की नगदी और मोबाइल लूट लिया। बाद में धमकी देते हुए पैजनियां की ओर फरार हो गए।
पीड़ित ने किसी राहगीर के मोबाइल से फोन कर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पाकर सीओ सिटी असित श्रीवास्तव और थाना प्रभारी निरीक्षक मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिये क्षेत्र में घंटों कांबिग की, लेकिन बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके।