नगीना में गांव बूढ़ावाला व गंगवाली में पटाखे छोड़ने पर हुए विवाद में जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। दोनों घटनाओं में 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक गांव के आठ व दूसरे गांव के चार लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे गांव के कुछ युवक नीटू , मनोज कुमार, भूप सिंह के मकान के सामने पटाखे छोड़ रहे थे। भूप सिंह के मना करने पर दोनों पक्षों में गाली गलौज के बाद पथराव हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चोटिल हुए लोगों का नगीना सीएचसी पर उपचार कराकर एक पक्ष के भूप सिंह, पुत्र कुड़वा सिंह, सुंदर, शीशपाल, पुत्र गण भूप सिंह तथा दूसरे पक्ष के दिनेश कुमार पुत्र पूरन सिंह, मनोज कुमार पुत्र दिनेश, परशु राम, नीटू, निरजंन, पुत्रगण खान चंद के खिलाफ कार्रवाई की।
वहीं गांव गंगवाली में पटाखे छोड़ने से मना करने पर रवि कुमार से दूसरे पक्ष के सुमन कुमार, पुत्र हरस्वरूप, गौरव पुत्र सुमन, भवनीश पुत्र परवीन सिंह, आपस में भीड़ गए और जमकर लाठी डंडे चले। पुलिस ने एक पक्ष के रवि कुमार, दूसरे पक्ष के सुमन, गौरव, व भवनीश के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की है। थाना प्रभारी संजय प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों गांव में चौकसी बरती जा रही है। गांव गंगवाली में 35 अन्य लोगों को चिह्नित किया गया है। इनके खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।