नांगलसोती में कामराजपुर में किसान महीपाल सिंह का मर्डर उसके बेटे सोमेश ने ही किया था। मर्डर का बेटे पर शक न जाए इसलिए बेटे ने अपने साले व ससुर को पिता के मर्डर में नामजद करा दिया था। पुलिस ने बेटे को दबोचकर पिता के मर्डर का उससे सारा राज उगलवा लिया है।
नांगल थाने के गांव कामराजपुर निवासी 60 वर्षीय किसान महीपाल सिंह का मर्डर 22 फरवरी को उसके खेत में कर दिया गया था। महीपाल को मर्डर ईट से पीट पीट कर किया गया था। हत्या के बाद महीपाल के बेटे सोमेश ने अपने ससुर तथा दो सालों के खिलाफ पिता की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मर्डर की जड़ तक जाने में लगी थी। पुलिस को पहले से महीपाल के मर्डर करने का सोमेश पर शक था। सीओ संजय राय के मुताबिक एसओ नांगल शिवकुमार गौड़ इस मर्डर की गहराई से तहकीकात कर रहे थे। पुलिस ने सोमेश को दबोचकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पिता के मर्डर का सारा सच उगल दिया। सोमेश ने पुलिस को बताया उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। सोमेश ने ढाई वर्ष पूर्व अवैध संबंधों के शक पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी।
ससुराल वालों ने सोमेश कें खिलाफ पत्नी पर कातिलाना हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पत्नी तभी से अपने मायके में रह रही थी। सोमेश ने बताया कि ससुराल वाले समझौते के तहत पत्नी को उसके साथ भेजने के लिए उसकी पत्नी की बीमारी पर खर्च हुए ढाई लाख रुपये मांग रहे थे। पिता महीपाल यह रुपये देने को तैयार नहीं थे। इसलिए ही सोमेश ने पिता की ईंट से जंगल में पीट पीट कर हत्या कर दी।
पिता की हत्या का शक उस पर न जाए इसलिए उसने अपने ससुर व दो सालों को पिता की हत्या में नामजद करा दिया था। वह घटना के रोज पिता के साथ खेत पर गया था। पिता से नोकझोंक होने के उसने पिता को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने सोमेश की निशानदेही पर उसके खून लगे कपड़े बरामद कर लिए।