बिजनौर में दुष्कर्म के आरोपी जेल में बंद जामा मस्जिद बिजनौर के पूर्व इमाम मौलाना अनवारुल हक को फतेहगढ़ जेल में शिफ्ट किया जा रहा है। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। मौलाना अनवारूल हक को फतेहगढ़ जेल भेजने से उनके समर्थकों में हलचल मची हुई है।
जामा मस्जिद बिजनौर के पूर्व इमाम मौलाना अनवारूल हक एक महिला से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद हैं। मौलाना ने महिला को बुरा साया उतारने के नाम पर उसके साथ दुष्कर्म किया था। मौलाना महिला को कलियर के एक होटल में भी ले गए थे। होटल की सीसी फुटेज में यह राज खुला था। दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मौलाना ने पुलिस प्रशासन को धमकाते हुए एक वीडियो व्हाट्स एप पर वायरल किया था। पुलिस ने इस मामले में भी उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की तो मौलाना ने भूमिगत रहते हुए माफी मांगी थी।
मौलाना अनवारूल हक के जेल जाने के बाद एलआईयू व जेल प्रशासन ने मौलाना अनवारूल हक के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजी थी। रिपोर्ट में कहा था कि अनवारूल हक का बिजनौर जेल में रहना ठीक नहीं है। उनसे मिलने के लिए रोज काफी तादाद में लोग आते हैं। जेल की सुरक्षा व्यवस्था को भी खतरा हो सकता है। शासन ने इन रिपोर्ट पर अब निर्णय लिया है। शासन ने मौलाना अनवारूल हक को फतेहगढ़ जेल शिफ्ट करने के निर्देश जारी किए हैं।
इस बारे में संयुक्त सचिव सूर्य प्रताप सिंह ने महानिरीक्षक कारागार को निर्देश दिए हैं कि बिजनौर जेल में बंद मौलाना अनवारूल हक को फतेहगढ़ जेल ट्रांसफर करने की इस शर्त पर अनुमति दी जाती है कि बंदी को स्थानांतरण करने से पूर्व जेल अधीक्षक द्वारा विचारण न्यायालय से अनुमति ले ली जाए।