बिजनौर के मंडावर में पुलिस ने सोमवार रात दो गांवों में हुई डकैती का 48 घंटे के अंदर ही खुलासा कर दिया है। दो बदमाशों को दबोचकर उनसे लूटे गए पांच हजार रुपये व तीनों पशु बरामद कर लिए हैं। लूट में प्रयुक्त एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद कर लिए हैं।
सोमवार रात बदमाशों ने गांव बिचपड़ी निवासी निजामुद्दीन व शहबाजपुर निवासी लियाकत के परिजनों को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बुधवार शाम सूचना पर थाना किरतपुर के मोहल्ला कस्साबान निवासी सगे भाइयों अतीक व हनीफ को दबोचकर लूट का खुलासा कर दिया।
बदमाशों के पास से लूट में प्रयुक्त तमंचा व तीन कारतूस, निजामुद्दीन के घर से लूटे गए पांच हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उनका इरादा पशु चोरी करने का था। वे जब शहबाजपुर के पास पहुंचे, तो वहां दुकान के बाहर सो रहे रहे आभास ने उनकी मुंह पर टॉर्च से रोशनी की, तो उन्होंने आभास को दुकान में बंद कर दिया। इसके बाद घर के बाहर सो रहे लियाकत को जगाकर उसके परिजनों को बंधक बनाकर पशु लूट लिए। बदमाशों ने अपने दो फरार साथियों के नाम किरतपुर के मोहल्ला बागवान निवासी एजाज व कल्लू बताए हैं। पशु चोरी में अतीक पांच बार और हनीफ चार बार जेल जा चुका है। अतीक 15 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया है। पुलिस के अनुसार चारों बदमाश दिन में पशु खरीदने की बात कहकर सुरागरसी करते थे और रात में पशु चोरी करते थे। एसओ सुरेंद्र पचौरी के मुताबिक दोनों घटनाओं का खुलासा कर दो बदमाशों को दबोच लिया है। दो फरार हैं।