बिजनौर के हल्दौर में प्राइवेट बस के चालक और परिचालक द्वारा छात्रों को बस की छत पर बैठाने से इनकार करने पर विवाद हो गया। छात्र और उनके परिजनों ने चालक व परिचालक की धुनाई कर दी। बस में तोड़फोड़ की गई और बस के पहियों की हवा निकाल दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है ।
बुधवार की शाम करीब तीन बजे एक प्राइवेट बस नूरपुर से पैजनियां चौराहे होते हुए बिजनौर जा रही थी। बस चालक बिजनौर निवासी शकील व परिचालक नूरपुर निवासी खुर्शीद अहमद के अनुसार नूरपुर से कुछ छात्र बस की छत पर बैठकर सफर कर रहे थे । चालक उन्हें बस के अंदर बैठने के लिए आग्रह किया। छात्र नहीं माने। बस गांव खासपुरा पहुंची तो बस चालक व छात्रों में मामूली कहासुनी हो गई। छात्र बस से नीचे उतर गए। उन्होंने फोन से मामले की सूचना परिजनों को दी। बस अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई। बस शरीफपुर नहर की पुलिया के पास पहुंची ही थी कि पीछे से बाइकों पर सवार होकर आए छात्रों व उनके परिजनों ने जबरन बस को रुकवाकर चालक व परिचालक को खूब पीटा बस के शीशे तोड़ डाले । परिजनों ने बस के पहियों की हवा निकाल दी और मौके से फरार हो गए। बस में सवार यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा । यात्री अन्य वाहनों से अपने गंतव्य को गए। पीड़ित चालक व परिचालक ने पैजनियां चौकी पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पैजनियां चौकी प्रभारी दीपचंद्र का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।