जिले में चोटी कटने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को सात जगह पर चोटी काटने की घटनाएं हुईं हैं। अंधविश्वास कहें या नजरों का धोखा, गांव वाले अब चोटी कटने के लिए काली बिल्ली को जिम्मेदार बता रहे हैं। महिलाओं का भी कहना है कि काली बिल्ली ने सिर पर बैठकर उनकी चोटी काटी है। इन मामलों को लेकर उड़ रही अफवाहों से महिलाओं में डर का माहौल है।
गांव गोयली निवासी फूलजहां पुत्री अनवार मंगलवार सुबह रसोई में काम कर रही थी। अचानक उसकी चोटी कट गई। किशोरी ने बताया कि रसोई में काम करते समय अचानक उसे लगा कि किसी ने उसकी चोटी पकड़ी है। जैसे ही उसने पीछे मुड़कर देखा तो जमीन पर उसकी चोटी कटी पड़ी है।
गांव की ही सविता पत्नी दिनेश दोपहर को अपने मायके से आई थी। कमरे में सामान लगा रही थी। अचानक उसे अपने पीछे काली बिल्ली का साया दिखाई दिया। जैसे ही उसने पीछे मुड़कर देखा उसकी कटी चोटी जमीन पर पड़ी हुई थी।
टी देख वह बहोश हो गई। गांव कमालपुर में साहिबा पुत्री तसलीम अहमद सोमवार रात मकान में सोई हुई थी। अचानक साहिबा के शोर मचाने पर परिजन दौड़े तो देखा उसके सिर के बाल कटे पड़े है।
गांव बमनौली में मंगलवार सुबह नूरजहा पत्नी तसलीम खेत से पशुओं के लिए चारा की गड्डी सिर पर रखकर ला रही थी। पीछे से आकर किसी ने उसकी चोटी काट दी जिसके बाद वो बेहोश हो गई। अनीसा पत्नी अनीस अहमद घर में खाना खा रही थी। अनीसा के उसके 13 साल के बेटे शहजाद ने बताया कि काली बिल्ली ने उसकी चोटी काट दी है।
इसी गांव की जीआईसी लुहारपुरा की कक्षा 12 की छात्रा सुनीता पुत्री सेवाराम अपने घर के पास बने मंदिर के नल पर पानी पी रही थी पीछे से आकर किसी ने उसकी चोटी काट दी। प्रधान सुखबीर सिंह, समाजसेवी मौहम्मद रफीक, जय सिंह आदि ने गांव मे घूमकर महिलाओं व बच्चों को अकेले कहीं न जाने की सलाह व निडरता से रहने को कहा।
नूरपुर के गांव अब्दुल्लापुर दहाना निवासी सुलेमान उर्फ बबलू ट्रैक्टर मिस्त्री है। सैदपुर चौराहे के पास स्थित उसकी दुकान के ऊपर ही उसका मकान बना हुआ है। बबलू ने बताया कि सोमवार की रात वह पत्नी वरीसा खातून व बच्चों के साथ कमरे में सोया हुआ था।
रात करीब दस बजे अचानक उसकी पत्नी की चीख निकाल गई। चीख सुनकर उसकी आंख खुली तो देखा कि वरीसा बुरी तरह बदहवास थी और उसकी चोटी कटी थी तथा बाल घर में जगह-जगह बिखरे हुए थे। बबलू का मकान पूरी तरह से बंद है।
जलालाबाद में कटी किशोरी की चोटी
जलालाबाद के मोहल्ला कुरैशियान निवासी शकील के घर मंगलवार की सुबह उस समय शोरशराबा मच गया, जब बरामदे में सो रही उसकी पुत्री अलफिया (13) की चोटी कटी मिली। अलफिया 10 वर्षीय भाई आलिस के साथ चारपाई पर सोई थी। जलालाबाद में चोटी कटने की पहली घटना घटने के बाद क्षेत्रवासियों का दिन भर शकील के घर पर आना-जाना लगा रहा। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
चोटी कटने की घटनाओं से लोगों में दहशत
धामपुर/अफजलगढ़। गांव दुलीचंदपुर में गांव की 19 वर्षीय गुलशन जहां सोमवार की रात अपनी भाभी मेहनाज के साथ सो रही थी। रात में उसकी चीखपुकार सुनकर उसके परिवार की आंख खुल गई। चारपाई के नीचे चुटिया कटी पड़ी थी। मंगलवार की दोपहर दुलीचंदपुर में ही महिला रसीदा पत्नी राशिद की सोते समय चोटी कट गई।
गांव सुआवाला में शीशपाल ने बताया कि उसकी पत्नी रेशमा देवी (40) सोमवार की रात घर में सो रही थी। रात में सोते हुए उसकी चुटिया किसी ने काट ली। चोटी कटने की घटना से महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया।
गांव रफेतपुर में 18 वर्षीय काजल की चोटी कट गई। धामपुर के गांव बंगदाद अंसार में अमरीन (18) और गांव करकौली मदन में नरेंद्र सैनी की पत्नी बृजेश सैनी की भी चोटी काट ली गई। युवती सवेरे परिवार के साथ सो रही थी। जबकि बृजेश घर में काम करते वक्त अपनी चोटी कटने का पता चला।