ग्राम मीरापुर में युवक की हत्या के बाद जांच में जुटी पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मंडावर में जमीन के रंजिश में दो भाइयों ने मिलकर अपने सगे भाई को गोली मारकर और बाद में धारदार हथियार से वार कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद दोनों भाइयों ने शव को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। दिनदहाड़े हत्या से क्षेत्र में खलबली मच गई। पुलिस ने रिपोर्ट कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव मीरापुर खादर निवासी 35 वर्षीय सूरजभान खेती करता था, जबकि उसका बड़ा भाई नौबहार व छोटा भाई चंद्रभान मजदूरी करते। तीनों भाइयों के नाम पर गंगा पार 44 बीघा जमीन है। जमीन को सूरजभान जोतता था। दोनों भाइयों का सूरजभान से जमीन के बंटवारे को लेकर झगड़ा चल रहा था। बुधवार को तीनों भाई बाइक से गंगा पार खेत पर गए थे। नाव से गंगा पार करने के बाद खेत के पास दोनों भाइयों ने सूरजभान के सिर में गोली मारी और बाद में उसे धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर फरार हो गए। किसी ने शव पड़ा देखा तो गांव में सूचना दी। सूरजभान की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। गांव वालों ने बताया कि सूरजभान अविवाहित था। उसने अपने दोनों भाइयों की जमीन पर कब्जा कर रखा था। भाइयों को वह जमीन देने को तैयार नहीं था। दोनों भाई काफी समय से उससे उनके हिस्से की जमीन मांग रहे थे। इस बात पर उनके घर में आए दिन झगड़े होते थे। जमीन न मिलने से चंद्रभान व नौबहार दूसरे के खेतों में मजदूरी करते। गांववालों के अनुसार सूरजभान द्वारा जमीन न दिए जाने से ही उन्होंने उसकी हत्या की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मां लीलावती उससे दोनों भाइयों के हिस्से की जमीन देने के लिए कहती तो सूरजभान मां से मारपीट करता। लीलावती ने सूरजभान के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। गांव के ही सोमपाल की ओर से इस मामले में चंद्रभान व नौबहार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसओ के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज हो गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।