किरतपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा में कैश जमा कराने आए ऑटो मोेबाइल फर्म के मुनीम के बैग से एक युवक ने 1.12 लाख रुपये उड़ा दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए युवक की पहचान के लिए प्रयास शुरू कर दिए है।
मंगलवार को बैंक ऑफ बड़ौदा में कैश जमा कराने गए एक आटो मोबाइल फर्म के मुनीम के थैले से युवक ने एक लाख 12 हजार 500 रुपये साफ कर दिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
संतोष कुमार वैभव कुमार आटो मोबाइल के स्वामी वैभव अग्रवाल उर्फ चीनू ने बताया कि उनका मुनीम योगेंद्र रस्तौगी मंगलवार को निकट ही स्थित बैंक आफ बड़ौदा में कैश जमा कराने गया था। मुनीम ने बैग की चैन खोलकर रुपये जमा करने का फार्म जैसे ही कैशियर को दिया, वैसे ही वहां मौजूद एक युवक ने ऊपर की ओर रखी 500 रुपये के नोटों की दो गड्डी और 23 छोटे नोट साफ कर दिए।
इसका पता कैशियर द्वारा नोटों की गिनती करने पर चला तो बैंक में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी की। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे में युवक दिखाई दे रहा है। उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।