बिजनौर में प्रेम-प्रसंग में बिट्टू की मौत होने से उसकी प्रेमिका काफी आहत है। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती होने से उसके गांव में सन्नाटा पसरा रहा। पूरे क्षेत्र में सभी की जुबान पर बस यही प्रकरण रहा। बिट्टू का नाम लेकर वह बार-बार रोती रही।
सोमवार को लापता हुए प्रेमी युगल ने बुधवार को रोडवेज के पास एक होटल में जहर खा लिया था। जहर खाने से प्रेमी बिट्टू की मौत हो गई थी। बिट्टू की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। उसके लड़की के गायब होने के दिन से ही परिजन उसे तलाशने में लगे थे। किसी को उम्मीद नहीं थी कि बिट्टू इतना बड़ा कदम उठा सकता है।
पोस्टमार्टम हाउस पर उसके रिश्तेदारों ने बताया कि हरिद्वार में फैक्ट्री में काम करते हुए अच्छा खासा कमा रहा था। उसका लड़की के परिवार में आना जाना भी नहीं था। फिर वे कैसे मिलते थे और उनमें कब क्या बात हुई, किसी को नहीं पता। रिश्तेदारों के मुताबिक बिट्टू लड़की को लेकर किसी परिचित के घर भी नहीं गया। अगर ऐसा होता तो रिश्तेदार उसके परिजनों को जरूर बताते। वहीं, निजी अस्पताल में लड़की की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। बृहस्पतिवार को होश आया। उसने बिट्टू के बारे में ही परिजनों से पता किया। बिट्टू का नाम लेकर वह बार-बार रोती रही।