अमरोहा। डीएनएस कालेज मैदान में क्रिकेट खेल रहे गोकशी के वांछित अभियुक्त को डिडौली पुलिस ने पकड़ लिया। क्रिकेट मैच में खलल डालने का आरोप लगाते हुए खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की की और मारपीट करते हुए आरोपी को छुड़ा लिया। गुस्साई पुलिस जिला पंचायत सदस्य को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। थाने पहुंचे भाजपा नेता जिला पंचायत सदस्य को छुड़ा ले गए। वहीं पुलिस ने मारपीट की घटना से इंकार किया है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मूढ़ा इम्मा निवासी समून उर्फ घोड़ा गोकशी के मामले में वांछित है। इस मामले में उसका वारंट भी जारी हो चुका है। शनिवार को नेशनल हाईवे स्थित डीएनएस कालेज के मैदान में वारंटी समून और जिला पंचायत सदस्य रियाजुल चौधरी सहित कई लोग क्रिकेट मैच खेल रहे थे। सूचना मिलने पर दोपहर में दरोगा आरिफ और राजाराम टीम के साथ मैदान में पहुंच गए। जहां क्रिकेट खेल रहे वारंटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लेकिन, मैच में खलल डालने का आरोप लगाते हुए खिलाड़ियों और ग्रामीणों की भीड़ पुलिस से भिड़ गई। भीड़ ने पुलिस से साथ जमकर हाथापाई कर वारंटी को छुड़ा लिया। पुलिस के चंगुल से छूटते ही वारंटी खेल के मैदान से फरार हो गया। इस दौरान पुलिस जिला पंचायत रियाजुल चौधरी का हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। चर्चा है कि जिला पंचायत सदस्य को हिरासत लेने की खबर मिलने पर कुछ भाजपा नेता कोतवाली पहुंच गए और जिला पंचायत सदस्य छुड़ा लाए।
पुलिस को क्रिकेट मैच में खलल डालने नहीं जाना चाहिए था। आरोपी समून उर्फ घोड़ा हर समय क्षेत्र और घर में ही रहता है। उस दौरान पुलिस को उसे पकड़ना चाहिए था। मैच के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया था तो लोगों की पुलिस से कहासुनी हो गई। पुलिस से मारपीट नहीं की गई हैं। मुझे भी पुलिस ने हिरासत में नहीं लिया था। - रियाजुल चौधरी, जिला पंचायत सदस्य
- डीएनएस कालेज के मैदान में गोकशी के वारंटी समून उर्फ घोड़ा के क्रिकेट खेलने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसे पुलिस पकड़ने के लिए गई थी। लेकिन आरोपी वहां से भाग गया। पुलिस से मारपीट या धक्कामुक्की जैसे कोई बात नहीं है।
- ऋषिराम कठेरिया, इंस्पेक्टर डिडौली