जलालाबाद/नजीबाबाद। मार्ग दुर्घटना में जलालाबाद निवासी बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली मार्ग पर क्र्रेशर के पास बाइक से डंपर टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं पहन रखा था। वहीं गुस्साए लोगों ने मार्ग पर शव रखकर डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई के आश्वासन पर जाम खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केे लिए भेजा गया। मृतक के चाचा ने तहरीर सौंपी है। उधर, घायल साथी को प्राइवेट नर्सिंग होम भर्ती कराया गया है।
नगर पंचायत जलालाबाद के मोहल्ला कुरैशियान निवासी अतीक अहमद का पुत्र इमरान अपने साथी अलीम के साथ बाइक से कोतवाली मार्ग स्थित गांव रामपुर जा रहा था। खराब डंपर को खींचकर ले जा रहे एक डंपर ने कोतवाली मार्ग पर क्रेशर के निकट पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में 22 वर्षीय इमरान की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका इमरान पेशे से पेंटर था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। विरोध में ग्रामीणों ने कोतवाली मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक युवक का शव अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। पुलिस ने एक डंपर के चालक को भी हिरासत में लिया है। मृतक इमरान के घायल साथी अलीम को उपचार के लिए नगर के प्राइवेट नर्सिंग होम भर्ती कराया गया है। उधर मृतक के चाचा रईस की ओर से डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से दुर्घटना होने और इमरान की मौत हो जाने की तहरीर पुलिस को सौंपी है।