धामपुर। सरकारी आवास के आवंटन को लेकर शनिवार को तहसील के नायब नाजिर और पूर्ति निरीक्षक में मारपीट हो गई। दोनों ने सरकारी अस्पताल में उपचार कराने के बाद पुलिस में तहरीर दे दी है। पुलिस ने नायब नाजिर की तहरीर पर पूर्ति निरीक्षक और उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूर्ति विभाग धामपुर में निरीक्षक पद पर तैनात आदित्य कुमार त्यागी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शनिवार को पूर्ति निरीक्षक देवेंद्र कुमार के सरकारी आवास पर कुछ कागजात लेने गया था। वहां तहसील में कार्यरत नायब नाजिर भूपेंद्र सिंह दो लोगों के साथ मिले और और अकारण उनके साथ मारपीट शुरू कर दी है। उसके ऊपर जानलेवा हमला किया गया। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि वह सरकारी आवास आवंटन कराना चाहता था। पर जब उसे आवास आवंटन होने का वक्त आया तो नायब नाजिर इसमें अवरोधक बन गए। इसे लेकर उनमें और नायब नाजिर में मनमुटाव हो गया था। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच कर कार्रवाई करने की बता कहीं है। उधर, नायब नाजिर भूपेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पूर्ति निरीक्षक आदित्य त्यागी सहित तीन के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट कायम की है। नायब नाजिर ने रिपोर्ट में बताया कि जब वह सरकारी आवासों के आवंटन का मिलान कर रहा था तो पूर्ति निरीक्षक आदित्य त्यागी दो अज्ञात लोगों के साथ वहां पहुंचा और उसके साथ मारपीट की। उसे काफी चोट आई है।