जंगल में किसान का शव मिला
हल्दौर। गांव सोतखेड़ी के जंगल में एक किसान का शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीण हत्या कर शव जंगल में फेंकने की आशंका जता रहे हैं।
गांव सोतखेड़ी निवासी रहीसुद्दीन (40) गांव में खेती करता था। परिजनों के अनुसार वह बुधवार शाम करीब चार बजे जंगल से चारा लाने गया था। रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे कुछ ग्रामीणों को उसका शव ईख के खेत में एलटी विद्युत लाइन के पोल के नजदीक पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसान की नाक से खून निकल रहा था और उसके गले पर कुछ निशान भी थे।
ग्रामीण रहीसुद्दीन की हत्या कर उसका शव जंगल में फेंकने की आशंका जता रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। किसान के भाई अमीनुद्दीन ने थाने में तहरीर देकर मामले का खुलासा किए जाने की मांग की है। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र भड़ाना का कहना है कि प्रथम दृष्टया किसान की मौत विद्युत करंट की चपेट में आकर होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।