प्रेमी से जुदा किया तो दे दूंगी जान
अमर उजाला ब्यूरो
धामपुर (बिजनौर)। एक गांव की युवती का कहना है कि उसने पिछले दिनों धामपुर निवासी अपने प्रेमी से आर्य समाज मंदिर से शादी कर ली। जब परिजनों को पता लगा तो वह उन्हें एक-दूसरे से जुदा करने का प्रयास कर रहे हैं। युवती ने आरोप लगाया है कि जबरन उन्हें एक-दूसरे से अलग करने को लिखे समझौते पर हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया। युवती ने परिजनों से अपनी व अपने पति की जान को खतरा बताया है। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का नगर के एक युवक से कई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने पिछले दिनों आर्य समाज मंदिर से शादी कर ली, जिसका उसके पास प्रमाणपत्र भी है। आरोप है कि जब शादी कर लेने का पता उसके परिजनों को लगा तो वह उसकी किसी दूूसरे युवक के साथ शादी करने की जुगत में लग गए। आरोप है कि सोमवार को युवती के परिजनों ने उसे और उसके पति को आपस में बात करने को धामपुर तहसील में बुलाया। जब दोनों पक्ष तहसील में पहुंचे तो उन्होंने उन दोनों को एक-दूसरे से अलग करने को दबवा बनाया। बकौल युवती, उसने अपने माता-पिता से स्पष्ट कह दिया कि यदि किसी ने उसे उसके पति से अलग करने का प्रयास किया तो वह जान दे देगी। उधर, पुलिस ने ऐसे किसी मामले के संज्ञान में होने से इंकार किया है।