मंडावली/नजीबाबाद। हल्द्वानी से कोरियर डाक लेकर देहरादून जा रही बोलेरो को नजीबाबाद के निकट हाईवे पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट लिया। चालक की तहरीर पर मंडावली पुलिस ने बोलेरो लूट का मामला दर्ज किया है।
देहरादून के तरेसठधामा निवासी महिपाल सिंह एफडीसी कोरियर कंपनी की हल्द्वानी से डाक लेकर बोलेरो से देहरादून जा रहा था। बोलेरो चालक महिपाल सिंह जैसे ही नजीबाबाद से हरिद्वार दिशा में बढ़ा तभी सात किलोमीटर दूर गांव राहतपुर के निकट पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों ने बोलेरो के आगे बाइक लगा दी। शुक्रवार की रात करीब 12 बजे जैसे ही बोलेरो चालक ने ब्रेक लिए तभी बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा निकालकर चालक को बोलेरो से नीचे उतार दिया। बाइक सवार एक बदमाश बोलेरो को लेकर मंडावली की ओर भाग गया, जबकि दो अन्य बदमाशों ने बोलेरो चालक को शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। बाइक सवारों के भागने के बाद बोलेरो चालक महिपाल ने बोलेरो लूट की जानकारी कुछ फासले पर रह रहे ग्राम प्रधान माजिद को दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर देर रात पहुंचे मंडावली के एसआई अमरपाल सिंह, सुशील तोमर ने आसपास कांबिंग की लेकिन तब तक बदमाश क्षेत्र छोड़ चुके थे। चालक महिपाल की तहरीर पर मंडावली पुलिस ने बोलेरो लूट का मामला दर्ज किया है। चालक अनुसार जिस समय लूट हुई उस समय उसका मोबाइल बोलेरो में रखा था। कुछ समय बाद मोबाइल बंद हो गया।