विदेश में ड्राइवर की नौकरी दिलवाने का झांसा देकर एक मजदूर को उसके गांव के ही युवक समेत तीन लोगों ने 1.70 लाख रुपये ठग लिए। नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ित ने विदेश में भीख मांगकर पैसे जुटाए और किसी तरह से घर पहुंचा। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपी के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव मेवाजट निवासी चंद्रवीर गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। गांव का ही नूर अहमद सऊदी में ड्राइवर है। चार माह पूर्व जब वह गांव आया तो नूर अहमद ने चंद्रवीर को सऊदी में ड्राइवर की नौकरी दिलवाने और वहां पर रहने के लिए आवास दिलाने का आश्वासन दिया। नूर अहमद ने चंद्रवीर को सहारनपुर के देवबंद थानांतर्गत अंबेहटा निवासी इस्तेखार अहमद, रूबी से मिलवाया। उन लोगों ने चंद्रवीर से 1.70 लाख रुपये की मांग की।
चंद्रवीर के मुताबिक उसने ब्याज पर रुपये लेकर इन लोगों के खाते में डाल दिए। बाद आरोपियों ने उसके कागज तैयार करा उसे सऊदी के दम्माम शहर भेज दिया। दम्माम जा कर चंद्रवीर को पता चला कि ये वीजा वास्तव में किसी रियासत के नाम का था।
वहां पर एजेंटों द्वारा मिले लोग चंद्रवीर को तीन माह तक इधर-उधर घुमाते रहे, लेकिन उसे कोई नौकरी नहीं मिली। जब उसका पैसा खत्म हो गया तो वहां पर मिले लोग भी उसे छोड़ कर चले गए। इसके बाद उसने विदेश में भीख मांगकर वतन वापसी के लिए पैसे जुटाए।
वापस आकर चंद्रवीर ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम से पुलिस को अवगत कराया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। वहीं, थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।