धामपुर। केएम इंटर कॉलेज में क्रीड़ा मैदान में खड़ी झाड़ियों में व्यक्ति का सड़ा गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे सीओ सुशील कुमार ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सुशील कुमार ने बताया कि मरने वाले की आयु करीब 30 वर्ष है। व्यक्ति सफेद चैक की शर्ट और नीले कलर की जींस पहने था। उसकी जेब से 50 रुपये और एक पेपर मिला है। पेपर पर तीन मोबाइल नंबर लिखे है। स्पष्ट नजर आ रहे नंबर पर पुलिस ने फोन किया तो पता लगा कि वह नंबर नूरपुर थाने के गांव दबखेड़ी के किसी व्यक्ति का है। उस नंबर एक महिला बोली। उससे व्यक्ति का हुलिया बताते हुए जानकारी दी गई। महिला ने बताया कि उनके परिवार के सभी सदस्य मौजूद है। कोई भी गायब नहीं है। पुलिस ने कई घंटे तक शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। पर जब शिनाख्त नहीं हुई तो पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। प्रभारी कोतवाल रमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि शव करीब 10 दिन पुराना है। अनुमान है कि हत्या कहीं ओर करने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया है।