नजीबाबाद। कारोबारी सलीम हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयुक्त बाइक, दो तमंचे, कारतूस और एक खोखा बरामद करने का दावा किया।
पुलिस के अनुसार दोनों ने पारस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक और कारोबारी आफताब अहमद की भी हत्या की थी। पुलिस ने 36 घंटे पूछताछ करने के बाद दोनों हत्यारोपियों को जेल भेजा।
नजीबाबाद पुलिस ने बर्फ कारोबारी सलीम के हत्यारोपी आरिफ और सिकंदर को रिमांड पर लिया था। थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह ने बताया दोनों हत्यारोपियों ने सलीम हत्याकांड के साथ 9 जुलाई 2015 को पारस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक/हैंडीक्राफ्ट कारोबारी आफताब अहमद की रंगदारी के मामले में हत्या की थी।
आरिफ और सिकंदर की कारोबारी सलीम से निजी रंजिश थी। सलीम ने आरिफ के परिवार की दुकान खरीदी थी। आरिफ कम कीमत में दुकान खरीदने पर सलीम पर दुकान वापसी का दबाव बना रहा था। जबकि सिकंदर सलीम के मकान में किराएदार था।
पुलिस ने आरिफ और सिकंदर से सलीम हत्याकांड में प्रयुक्त बाइक, दो तमंचे, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया। रिमांड की अवधि समाप्त होने पर पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को बृहस्पतिवार को दोपहर बाद जेल पहुंचा दिया।