आरोपी के बारे में जानकारी लेतेे एसपी अजय कुमार साहनी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में बैरियर तोड़कर भाग रही पिकअप गाड़ी से पुलिस ने 30 लाख कीमत की अवैध व्हिस्की बरामद की है। एक तस्कर पकड़ा गया, जबकि पांच आरोपी गाड़ी से कूदकर भाग निकले। गैंग दूसरे राज्य से शराब मंगाकर बेचता था।
एसपी अजय साहनी के मुताबिक, बुधवार रात धामपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नगीना चौराहे पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान आई बैंक की कैश वैन जैसी बॉडी वाली एक पिकअप गाड़ी को रोकने की कोशिश की तो चालक ने बैरियर तोड़कर गाड़ी नगीना की ओर दौड़ा दी। थाना पुलिस और डायल 100 की गाड़ी ने घेरकर इस गाड़ी को रोक लिया। पुलिस ने गाड़ी से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार कूदकर भाग निकले।
पुलिस को गाड़ी से 200 पेटी व्हिस्की मिली। इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये है। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम हरियाणा के जिला झज्जर के गांव खरमान निवासी मुंजीत बताया। मुंजीत ने बताया कि वे हरियाणा और पंजाब से शराब खरीदकर लाते हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में दोगुने रेट पर बेचते हैं। उसने फरार साथियों के नाम हरियाणा झज्जर के गांव दसोरघेड़ी निवासी अनिल जाट, थाना नगीना के गांव सेदफेरी निवासी गजवीर सिंह, थाना मंडावर के गांव तिमरपुर निवासी सोनू व भूरा बताए। एक साथी का नाम मुंजीत नहीं बता सका। आरोपी शराब तस्करी में पहले भी जेल जा चुके हैं। एसपी ने टीम को इनाम देने की घोषणा की है।