हल्दौर। गांव वाजिदपुर में ग्राम प्रधान के साथ रामलीला का उद्घाटन करने को लेकर हुई मारपीट में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस की कार्रवाई से आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस ने बिना अनुमति के रामलीला के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है।
गांव वाजिदपुर में बुधवार की रात प्रोजेक्टर के माध्यम से रामलीला का प्रदर्शन किया जाना था। ग्राम प्रधान किरनपाल सिंह ने रामलीला का उद्घाटन करने पर कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए उनके साथ बदसलूकी कर धक्कामुक्की की। इस मामले में प्रधान ने गांव के सोहित कुमार, मोहित कुमार, धीरज कुमार और धर्मेंद्र कुमार पर मारपीट करने एवं क्षेत्र में अशांति फैलाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की तो चारों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने गांव पहुंचकर बिना प्रशासनिक अनुमति के गांव में रामलीला प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। साथ ही रामलीला के प्रदर्शन पर रोक लगा दी। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार गौड़ का कहना है कि फरार चारों आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।