बिजनौर के चांदपुर में फ्लाइंग स्क्वाय़ड और पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान वैगनआर से दो लाख 28 हजार की नकदी के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया है। इस मामले की जांच की जा रही है।
गांव रसूलपुर नंगला निवासी महबूब कोटा धारक है। महबूब के मुताबिक वह मंगलवार की दोपहर गांव निवासी जाहिद के साथ वैगनआर से चांदपुर कोटा उठाने के लिए रुपये जमा करने आ रहा था। अंबेडकर चौक पर चेकिंग के दौरान फ्लाइंग स्क्वायड टीम व चांदपुर पुलिस ने गाड़ी रोक ली। कोतवाली निरीक्षक अखिलेश प्रधान के मुताबिक चेकिंग के दौरान फ्लाइंग स्क्वायर टीम के सेक्टर मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र यादव ने वैगनआर को रोक कर तलाशी ली, तो उसमें दो लाख 28 हजार की नगदी मिली। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आशंका जताई गई है कि कैश किसी प्रत्याशी को फायदा पहुंचाने के लिए जा रहा था।