शेरकोट में बैंक मित्र के साथ लूटपाट
शेरकोट। बदमाशों ने शुक्रवार शाम हाईवे 74 पर बाइक सवार बैंक मित्र के साथ मारपीट कर 42 हजार की नकदी, मोबाइल, लैपटॉप और बाइक लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। उधर, पुलिस ने घटना को संदिग्ध मान कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम हाफिजाबाद निवासी हरिओम पुत्र तन्नु सिंह मुबारकपुर के सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में बैँक मित्र है। शुक्रवार शाम जब वह लगभग साढ़े सात बजे मुबारकपुर स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक से घर वापस जा रहा था। मुबारकपुर कुंडा के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट कर उससे लगभग 42 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप, फिंगरप्रिंट मशीन व उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। बताया गया कि वह मारपीट किए जाने के कारण काफी देर तक हाईवे किनारे पड़ा रहा। सूचना देने पर उसके परिजन उसे घर लेकर गए।। उधर, थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। क्योंकि जिस समय की घटना है, उस समय वहां 100 डायल तैनात रहती है। उन्हें कोई तहरीर नहीं दी गई है। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी अफजलगढ़ कृपा शंकर कन्नौजिया का कहना है कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है।