रोडवेज बस दुकानों में घुसी, छह यात्री घायल
नगीना(बिजनौर)। हरिद्वार जा रही गोला डिपो की बस स्टेयरिंग फेल होने से दुकानों में जा घुसी। इससे बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। पुलिस ने एक चालक को हिरासत में ले लिया, जबकि दूसरा चालक और परिचालक बस से यात्रियों को लेकर हरिद्वार चले गए।
गोला निवासी रंजीत और राजकुमार तथा परिचालक मंजेश कुमार गोला डिपो की रोडवेज बस में 40 यात्रियों को लेकर हरिद्वार के लिए चले थे। मंगलवार की सुबह धामपुर मार्ग स्थित रामलीला मैदान के मोड़ के पास पहुंचने पर अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। इससे बस अनियंत्रित होकर दुकानों में जा घुसी। इससे बस में सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। इसके बाद बस का दूसरा चालक राजकुमार और परिचालक मंजेश सभी यात्रियों को लेकर हरिद्वार चला गया। सूचना पर पहुंची डायल 100 ने बस चला रहे चालक रंजीत को हिरासत में ले लिया। दुकान मालिक घसीटा सिंह ने बताया कि उसने अपनी दो दुकानें किराए पर देख रखी हैं। एक दुकान में धामपुर निवासी शाहनवाज तथा दूसरी दुकान में मोहल्ला मनिहारी सराय निवासी सैफ काम करता है। घटना में दोनों दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं बस का भी काफी नुकसान हुआ। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चालक की ओर से गोला डिपो के अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है।